Tuesday, 19 June 2018

विचित्रता

मैं कुछ दिनों से
एक विचित्र
संपन्नता में पड़ा हूं
संसार का सब कुछ जो बड़ा है
और सुंदर है
व्यक्तिगत रूप से
मेरा हो गया है


Wednesday, 28 March 2018

जिन्दगी का सफर

निकला हूँ सफ़र में, मैं अपना मुक़ाम ढूँढ रहा हूँ
ज़मीन मिल चुकी है, मैं अपना आसमान ढूँढ रहा हूँ
निकल गया था छोड़ घर मैं अपनी ज़रूरतों के लिये
छूट गया था गाँव में, मैं अपना सामान ढूँढ रहा हूँ..

Wednesday, 29 March 2017

हवा..

ठण्डी हवा, तेज़ हवा
काली हवा, अंग्रेज़ हवा,
तिब्बत का भूकम्प थी चीनी हवा,
कश्मीर में फिरती है असमंजस की भीनी हवा |
यहूदियों की इसरयाली सख्त हवा,
मुसलमानों का बहाती रक्त हवा,
मिस्र में प्राचीन शिल्पकारों की कृति नष्ट करती हवा,
वहीँ थोड़े पूरब के मरूस्थल में खुद शिल्पकार बनने का कष्ट करती हवा |
हिंदुकुश की पहाड़ियों में हिन्दू खुश ना रखती हवा,
मज़हब की जिद्दी आंधी में शायद, कुछ भी ना कर सकती ये हवा
वहाँ जापान में हवा समूह में फिरती है, तो बन जाती बवंडर ये हवा,
ऊपर नीचे आगे पीछे कामुक छलांगे लगा कर छोड़ जाती खण्डर ये हवा |
उत्तर-भारत के योगी बाबा के श्वास की हवा,
दक्षिण के भोगी बाबा के अन्धविश्वास की हवा,
देश वासियों की अन्ना में क्षण-भर के विश्वास की हवा,
बहती है अध्यात्मिक प्रदूषण की बकवास की हवा |
वक़्त की रफ़्तार समझ आती है, हवा की नहीं
रूकती नहीं है ये हवा,
थकती नहीं है ये हवा,
दिखती नहीं है ये हवा,
और हाँ, मनुष्य की तरह बिकती नहीं है ये हवा!

Tuesday, 13 September 2016

मनुष्य खगोल

तारे जो नज़र आते हैं नभ में,
वैसी ही कहानी बनी सब में,
ऐसा लगता है मानो दुनिया कि छत पे एक विशाल आइना जड़ा हो,
बिलकुल मुझ जैसा एक मनुष्य सुदूर मेरे ऊपर खड़ा हो |
वो मनुष्य रुपी तारा है,
मेरे जीवन का सारांश सारा है |
धरा पे जितना अँधेरा नभ में उतने तारे नज़र आते हैं,
इससे पता चलता है कि एक स्थान के अंधकार से दूसरे के उजाले नज़र आते हैं|
जैसे ही सुबह हो जाती है,
तारो कि दुनिया नज़र नहीं आती है,
सिर्फ एक प्रमुख तारा सूर्य छा जाता है,
भूमंडल कि चकाचौंध को स्वयं खा जाता है |
चंद्रमा या आफताब,
एक प्राकृतिक उपग्रह या किसी पतिव्रता का ख्वाब,
यह चाँद आकाश का ध्वज है,
किसी गरीब मुसलमान कि इकलौती हज है |
आज नभ में एक टूटा तारा था,
जिसको वायुमंडल का सहारा था,
मतलब कम से कम यह तारे औंधे मुँह तो नहीं गिरते धरा पर,
नष्ट हो जाते हैं नभ और ज़मीन के बीच न जाने कहाँ पर|
वैसे ही शायद मनुष्य है,
उसकी मृत्यु एक सरल रहस्य है,
हम भी ज़मीन से सीधा ऊपर नहीं जाते हैं,
कहीं बीच में ही अटक जाते हैं,
अधिकाँश लोग मरणोपरांत भटक जाते हैं,
और चंद खुशनसीब खुद से और खुदा से लिपट जाते हैं|

Sunday, 24 July 2016

एक घर..

वो जो एक घर था
अपने हिस्से का
जो बना नहीं कभी वैसा
जैसा की तुम्हारा मेरा वादा था
जिसकी आंगन में
ख़्वाब उड़ने थे,
वो एक घर, जो कौंध जाता था
तुम्हारी बातों की रौशनी में अक्सर
हाँ, वही घर की जिसकी हसरत में
रात कोयल सी हमने काटी थी..

देखो ना, घर तो नहीं बना
लेकिन,
रात कालिख सी लिपटी रहती है
दिन दरिया से बहते रहते हैं...

Wednesday, 27 April 2016

एक ख़्वाब वो भी

आसमां की तरफ जो उछाला था
हँसके एक शाम कोई ख़्वाब हमने
वही बड़े जतन से जिसे रंग आये थे
सबसे चटकीले लाल-नीले से
जिसकी पैरहन में जड़े थे
ख़ुशियों वाले आँसू कुछ,
किनारों पे जिसकी टाँक दी थी
हमने आँखे अपनी..
आज जब रातों के शामियाने में
उदासी चाँदनी की तरह फैली है
वक्त की नब्ज जरा मद्धम हैं
हवा की साँस जैसे सीली है..
और रूह के तुम्बे से
सन्नाटा सा बजता है
तो सुनो वो ख़्वाब ले आओ
आसमां चुपके से यही कहता है..

छोटी सी इस कविता में सवाल भी हैं और उम्मीद भी

पता है मुझे 
कविता से 
कमसकम मेरी कविता से 
न निज़ाम बदलता है
न प्रेमिका मानती है
और न ही बादल आते हैं.
बहेलिया नहीं बदलता अपना मन
कुल्हाड़े लिए हाथ नहीं रुकते
कोई इंक़िलाब नहीं आता इन शब्दों से ..
फिर भी
ख़ुद को ज़िंदा रखने के लिए
ज़िंदा दिखने के लिए
लिखता हूँ
क्या पता
अगर ज़िंदा रह गया तो
प्रेम, बारिश, और इंक़िलाब
सब आ जाये किसी दिन.

Sunday, 24 April 2016

मेरी कलम से ..

अभी
मेरे शब्द हैं मेरे पास
जिनमें भाव हैं और अर्थ भी 
इनमें संदर्भ नहीं हैं
मैं लिख जरूर देता हूँ
प्यार,आसमान,मुस्कान और चाँद
लेकिन
तुमसे अलग रहकर
वे खड़े नहीं रहते
संदर्भ को मैं
नींव मानता हूँ
हम दोनों की,
कविता की
मैं तुम्हारे प्यार को
सात आसमान कह देता हूँ
तुम्हारी मुस्कान
बन उठता है चाँद
तो शब्दों के अर्थ भी
पिघल जाते हैं
नहीं पिघलता है तो
बस तुम्हारा मन ....
तुम्हारा मन
मेरे शब्दों का संदर्भ है
आलंबन है भावों का
और आश्रय मेरा ..
अब इसे ठीक उसी तरह देखो
जैसी कि यह दशा है
तो रंग के भंग हो जाने की टीस
तुम्हें भी महसूस होगी ...

Monday, 4 April 2016

घर

वो जो एक घर था
अपने हिस्से का
जो बना नहीं कभी वैसा
जैसा की तुम्हारा मेरा वादा था
जिसकी आंगन में 
ख़्वाब उड़ने थे,
वो एक घर, जो कौंध जाता था
तुम्हारी बातों की रौशनी में अक्सर
हाँ, वही घर की जिसकी हसरत में
रात कोयल सी हमने काटी थी..
देखो ना, घर तो नहीं बना
लेकिन, रात कालिख सी लिपटी रहती है
दिन दरिया से बहते रहते हैं...

Saturday, 2 April 2016

ये बड़े अजीब दिन

ये बड़े अजीब दिन हैं बड़े मायूस से,
बदहवास से बहके हुए बेकार से दिन
सूखते कंठ की तरह सूखती उम्मीदों के
जीभ पर रखे हुए जलते हुए अंगार से दिन
आंसुओं की सूखती-बहती लकीरों से
गालों पर बनते-रुकते गर्द-गुबार से दिन
सुबह जो बात रह गयी थी अधूरी आज
कभी न पूरा होने वाले इंतज़ार के दिन
काँपते हाथों में मुर्दा हुए अरमानों की लाश,
खून की गंध भरे बेवाओं के चीत्कार से दिन
सहमे हुए ठहरे हुए गूंगे हुए बहरे हुए
तवे की ताप भरे जूड़ी के बुखार से दिन
हरेक आहट में मातम है हरेक मंजर वीराना है
किसी अच्छी खबर की आसरे में तलबगार से दिन
वो हँसी, वो कहकहे वो शोर हुल्लड़ का
कहाँ गए किधर छूटे वो गुलज़ार से दिन...
(कोलकाता के लिए) 

Saturday, 5 March 2016

सुबह

सुबह के वक़्त कुछ भी साथ नहीं होता न दिन की चालाकियाँ न रात के भोले सपने एक हल्का-सा गुस्सा आता है बस अपने को फिर से देखकर...

Tuesday, 26 January 2016

जाड़े का मौसम...

जाड़े का मौसम आया,
सूरज का मन अलसाया,
लिहाफ तान कर सोयें हैं,
देखो बारह बजने को आया...


क्या उनको है नहीं पता,

सर्दी सबको रही सता,
क्या किसी से अनबन हुयी,
या हुयी हमसे कोई खता...

सूरज बाबा गुस्सा छोडो,
लिहाफ से बाहर निकलो ना,
थोड़ी सी ही झलक दिखा दो,
प्यार की शक्‍ति दे दो न...

सूरज बाबा आँखें खोलो,
बच्चों से हंसकर बोलो न...

Wednesday, 14 October 2015

एक दोस्त..

सुख-दुख के अफसाने का,
ये राज है सदा मुस्कुराने का,
ये पल दो पल की रिश्तेदारी नहीं,
ये तो फ़र्ज है उम्र भर निभाने का,
जिन्दगी में आकर कभी ना वापस जाने का,
ना जानें क्यों एक अजीब सी डोर में बन्ध जाने का,
इसमें होती नहीं हैं शर्तें,
ये तो नाम है खुद एक शर्त में बन्ध जाने का,

ये तो फ़र्ज है उम्र भर निभाने का
दोस्ती दर्द नहीं रोने रुलाने का,
ये तो अरमान है एक खुशी के आशियाने का,
इसे काँटा ना समझना कोई,
ये तो फूल है जिन्दगी की राहों को महकाने का,
ये तो फ़र्ज है उम्र भर निभाने का,
दोस्ती नाम है दोस्तों में खुशियाँ बिखेर जाने का,
आँखों के आँसूओं को नूर में बदल जाने का,
ये तो अपनी ही तकदीर में लिखी होती है,
धीरे-धीरे खुद अफसाना बन जाती है जमाने का,

ये तो फ़र्ज है उम्र भर निभाने का,
दोस्ती नाम है कुछ खोकर भी सब कुछ पाने का,
खुद रोकर भी अपने दोस्त को हँसाने का,
इसमें प्यार भी है और तकरार भी,

दोस्ती तो नाम है उस तकरार में भी अपने यार को मनाने का,
ये तो फ़र्ज है उम्र भर निभाने का

बरिश की मस्ती

रिमिझम-रिमिझम बारिश आई
काली घटा फिर है छाई
सड़कों पर बह उठा पानी
कागज़ की है नाव चलानी
नुन्नू मुन्नू चुन्नू आए
रंग बिरंगे छाते लाए
कहीं छप-छप कहीं थप-थप
लगती कितनी अच्छी टप-टप
बारिश की मौज मस्ती है
हो चाहे कल छुट्टी है । 

कितनी बड़ी दिखती होंगी..

कितनी बड़ी दिखती होंगी मक्खी को चीजें छोटी
सागर सा प्याला भर जल पर्वत सी एक कौर रोटी।
खिला फूल गुलदस्ते जैसा कांटा भारी भाला सा
तालों का सूराख उसे होगा बैरगिया नालासा।
हरे भरे मैदानों की तरह होगा इक पीपल का पात
पेड़ों के समूहसा होगा बचा खुचा थाली का भात।
ओस बूंद दरपनसी होगी सरसो होगी बेल समान
सांस मनुज की आंधीसी करती होगी उसको हैरान

Thursday, 8 October 2015

बचपन..

छीनकर खिलौनो को बाँट दिये गम
बचपन से दूर बहुत दूर हुए हम...

अच्छी तरह से अभी पढ़ना न आया
कपड़ों को अपने बदलना न आया
लाद दिए बस्ते हैं भारी-भरकम
बचपन से दूर बहुत दूर हुए हम...

अँग्रेजी शब्दों का पढ़ना-पढ़ाना
घर आके दिया हुआ काम निबटाना
होमवर्क करने में फूल जाये दम
बचपन से दूर बहुत दूर हुए हम...

देकर के थपकी न माँ मुझे सुलाती
दादी है अब नहीं कहानियाँ सुनाती
बिलख रही कैद बनी, जीवन सरगम
बचपन से दूर बहुत दूर हुए हम...

इतने कठिन विषय कि छूटे पसीना
रात-दिन किताबों को घोट-घोट पीना
उस पर भी नम्बर आते हैं बहुत कम
बचपन से दूर बहुत दूर हुए हम...

Wednesday, 23 September 2015

आए बादल...

आसमान पर छाए बादल
बारिश लेकर आए बादल
गड़-गड़, गड़-गड़ की धुन में 
ढोल-नगाड़े बजाए बादल
बिजली चमके चम-चम, चम-चम
छम-छम नाच दिखाए बादल
चले हवाएँ सन-सन, सन-सन
मधुर गीत सुनाए बादल
बूँदें टपके टप-टप, टप-टप
झमाझम जल बरसाए बाद ल
झरने बोले कल-कल, कल-कल
इनमें बहते जाए बादल
चेहरे लगे हँसने-मुसकाने 
इतनी खुशियाँ लाए बादल... 

Friday, 4 September 2015

बारिस

आसमान पर छाई है काली घटाएँ
सूरज भी जा छुपा है बादलों के साये

तेज बहती पवन और पत्तों की सरसराहट
लगती है ऐसे जैसे हो तूफ़ान की आहट

चकाचौंध रौशनी सी बिजली की चमक
बादलों की गडगडाहट और बूंदों की धमक

पहली बारिस की बुँदे मिट्टी की सौंधी महक
सुखी तरसती धरती उठी है चहक

कभी रिमझिम फुहार तो कभी मूसलाधार
कभी थम के बरसता है तो कभी लगातार ......

Saturday, 29 August 2015

पुराने दोस्त...

चलो कुछ  के,
दरवाज़े खटखटाते हैं !
देखते हैं उनके पँख थक चुके है,
या अभी भी फड़फड़ाते हैं !
हँसते हैं खिलखिलाकर,
या होंठ बंद कर मुस्कुराते हैं !
वो बता देतें हैं सारी आपबीती,
या सिर्फ सफलताएं सुनाते हैं !
हमारा चेहरा देख वो,
अपनेपन से मुस्कुराते हैं !
या घड़ी की और देखकर,
हमें जाने का वक़्त बताते हैं !
चलो कुछ पुराने दोस्तों के,
दरवाज़े खटखटाते हैं !

Tuesday, 14 April 2015

जिन्दगी अपनी ..

किताब लेकर...
रोज मैं ढूँढता हूँ जवाब.....
जिंदगी है क़ि रोज...
'सिलेबस' के बाहर से ही पूछती है..